कुल 719 मामले: स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- संक्रमण के कम्युनिटी ट्रांसमिशन के ठोस प्रमाण नहीं मिले; दलाई लामा दवाई-भोजन दान करेंगे

 देश में कोरोनावायरस के अब तक 719 मामले सामने आ चुके हैं। गुरुवार देर रात ओडिशा और आंध्र प्रदेश में एक-एक पॉजिटिव मिले। इसके साथ ओडिशा में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 हो गई। यह सभी भुवनेश्वर के हैं। तीसरे संक्रमित मरीज की हिस्ट्री देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भुवनेश्वर के कर क्लीनिक नहीं जाने की सलाह दी है। क्योंकि यहीं से तीसरे मरीज के संक्रमित होने की आशंका है। वहीं, आंध्र प्रदेश का जो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह हाल ही में स्वीडन से लौटा था। फिलहाल उसे विजयवाड़ा के जनरल अस्पताल में भर्ती किया गया है। अब सूबे में संक्रमितों की संख्या 11 हो गई। इससे पहले, गुरुवार को दिल्ली में 5, गुजरात में 3, महाराष्ट्र में 2 और अंडमान में 1 पॉजिटिव मिला। अंडमान में पहली बार इस संक्रमण का मामला सामने आया है। देश में कोरोनावायरस से अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है।


इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की फोन पर बात हुई। योगी ने भरोसा दिलाया कि जो भी मजदूर और कामगार यूपी के रास्ते से बिहार जा रहे हैं, उनका ध्यान रखा जाएगा और वह सुरक्षित अपने घर पहुंचे इसका पूरा इंतजाम किया जाएगा। इधऱ, भारत ने ऑस्ट्रिया, यूएई, इजरायल, जर्मनी और इटली के 1245 नागरिकों को उनके देश पहुंचाने के लिए पांच विशेष फ्लाइट का इंतजाम किया है। यह विमान शुक्रवार को जाएंगे। 


लुधियाना में लॉकडाउन के कारण एक व्यक्ति पत्नी को साइकिल पर लेकर अस्पताल पहुंचा
पंजाब के लुधियाना में एक व्यक्ति अपनी घायल पत्नी को साइकिल पर बैठाकर 12 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचा। लॉकडाउन के कारण कोई भी उसकी पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए राजी नहीं हुआ। उसने एंबुलेंस बुलाने की भी कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने भी 2 हजार रुपए मांग लिए। पैसे नहीं होने की वजह से उसे मजबूरन पत्नी को साइकिल पर बैठाकर अस्पताल ले जाना पड़ा। महिला एक फैक्ट्री में काम करती है, जहां 20 मार्च को वह दुर्घटना का शिकार हो गई थी। 



एंबुलेंस ड्राइवर ने व्यक्ति से 2 हजार रुपए मांगे थे। पैसे नहीं होने के कारण वे साइकिल से ही पत्नी को 12 किमी दूर अस्पताल लेकर पहुंचे। 


स्वास्थ्य मंत्रालय ने कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात से इंकार किया


स्वास्थ्य मंत्रालय ने उस रिपोर्ट का खंडन किया है, जिसमें  कोरोनावायरस के कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात कही गई है। मंत्रालय के मुताबिक, अभी तक भारत में कोरोना संक्रमण के कम्युनिटी ट्रांसमिशन के जरिए फैलने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। दरअसल, कोरोना संक्रमित वस्तु या किसी और माध्यम से संक्रमण जब आम लोगों के बीच फैलता है तो उसे कम्युनिटी संक्रमण कहा जाता है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने देशभर में 35 लैबों को कोरोनावायरस टेस्ट करने की मंजूरी दी है। 


प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से हालात का जायजा लेने को कहा


प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा है कि कोरोना संक्रमण को देश में फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की कमान अपने हाथ में लें। न्यूज एजेंसी ने प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, पीएमओ से जारी पत्र में मंत्रियों से कहा गया है कि गरीब-निराश्रित लोगों के भोजन-पानी-आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित हो। क्षेत्रों में मौजूद राशन दुकानों में जरूरी सामान, राशन आदि की भी कमी न हो। दुकानदार किसी भी स्थिति में जनता से ज्यादा कीमत वसूल न करें। इन हालात में एक नेता के तौर पर आगे आकर स्थिति से निपटने का हौसला दिखाएं।


दलाई लामा ने हिमाचल के मुख्यमंत्री को पत्र भेजा


इस बीच, तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि 21 दिन के लॉकडाउन के दौरान वे जरूरी सामान का दान करेंगे। इसमें कहा गया है, “दलाई लामा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को खत लिखा है। हम जरूरी दवा और भोजन दान करेंगे। हमें पूरा भरोसा है कि नरेंद्र मोदी सरकार इस आपदा से निपटने में पूरी तरह सक्षम है।” लामा ने 12 फरवरी के बाद सभी तरह के धार्मिक आयोजनों पर रोक लगा दी थी। तिब्बती धर्मगुरू का मुख्य दफ्तर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में है।


राज्य में देश का सबसे बड़ा हॉस्पिटल बनाया जा रहा


वहीं, ओडिशा सरकार ने कॉर्पोरेट्स और मेडिकल कॉलेजों के साथ त्रिपक्षीय समझौता किया है जिसके तहत राज्य में कोराना मरीजों के लिए देश का सबसे बड़ा हॉस्पिटल बनाया जा रहा है। इसमें 1000 बेड होंगे। यह 15 दिन में सेवाएं देने लगेगा। साथ ही केंद्र सरकार ने दवाओं की होम डिलीवरी को मंजूरी दे दी है। जल्द ही इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। इस बीच, बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि वे गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों के लिए 50 लाख रुपए का चावल दान करेंगे।


‘अभी इसे हल्के में नहीं ले सकते’
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, ‘‘24 घंटे में कोरोनो के 42 नए मामले सामने आए। 4 मौतें हुई हैं। कुल मामलों की संख्या 650 के पार हो गई है। सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है। इससे चेन ऑफ ट्रांशमिशन को तोड़ सकते हैं। अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है। लापरवाही न करें। राज्यों और जिलों में लॉकडाउन 100% फॉलो किया जाए। सारे लोग नैतिक जिम्मेदारी दिखाते हुए इसमें सहयोग करें। पॉजिटिव केस में नंबर बढ़ रहे हैं, मौतें भी हो रही हैं। कोरोना संक्रमण की दर में कमी आई है, लेकिन इसे हल्के में नहीं ले सकते। राज्यों को हमने कोरोना के लिए हॉस्पिटल बनाने के लिए कहा है। 17 राज्य में कार्य शुरू भी हो चुका है। डॉक्टरों के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग शुरू की गई है। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी ट्रेनिंग दी जा रही है।’’


दिल्ली में डॉक्टर के संपर्क में आए 800 लोग क्वारैंटाइन


दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक का डॉक्टर उसकी पत्नी, बेटी और दो अन्य कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ये लोग सऊदी अरब से आई महिला के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए। अब इन लोगों के संपर्क में आए 800 लोगों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 36 हो गई है।


राज्यों के हालात: 



  • हरियाणा: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जरूरी वस्तुओं की सप्लाई चेन बनाई गई है। बीते 4 दिन में डॉक्टरों और नर्सों समेत 33 हजार वॉलंटियर्स का रजिस्ट्रेशन किया गया है। राज्य में अब संक्रमितों की कुल संख्या 32 हो गई है। इनमें 14 विदेशी हैं जबकि 18 राज्य के नागरिक हैं। 10 केस गुड़गांव में, 3 पानीपत में, 2 फरीदाबाद में और पंचकुला, पलवल व सोनीपत में 1-1 केस आए हैं। 

  • राजस्थान: अब तक प्रदेश में कुल 43 कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिनमें से अकेले भीलवाड़ा में ही19 हैं। इतना ही नहीं भीलवाड़ा देश का पहला एपिक सेंटर है, जिसमें 457 सैंपल में से 19 पॉजिटिव पाए गए। यह औसत में सर्वाधिक है। पूरे झुंझूनूं की स्क्रीनिंग के एक हफ्ते बाद लगातार दो दिन कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद कम्यूनिटी संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। भीलवाड़ा में गुरुवार को 2 की मौत हुई। 

  • गुजरात: तीन नए पॉजिटिव मिले हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 6 हो गई है।

  • जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में संक्रमितों की संख्या 3 हुई। कलेक्टर ने आसपास के सभी धार्मिक स्थल बंद करने का आदेश दिया है। राज्य में भवन निर्माण कार्य से जुड़े साढ़े तीन लाख मजदूरों के लिए सरकार ने 1-1 हजार रुपए की मदद देने की घोषणा की है। यह राशि बिल्डिंग और कंस्ट्रक्शन वर्कर वेलफेयर बोर्ड से जुड़े मजदूरों को दी जाएगी।

  • गोवा: तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 25 साल का एक युवक स्पेन से, 29 साल का युवक ऑस्ट्रेलिया से और 55 साल का व्यक्ति अमेरिका से। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक का कहना है कि इन सभी की हालत स्थिर है।

  • महाराष्ट्र: आज मुंबई और ठाणे में 2 जबकि नागपुर में एक कोरोना पॉजिटिव मिला। महाराष्ट्र में संक्रमितों की कुल संख्या 125 हुई। मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने लॉकडाउन के दौरान शहर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों को खाना और पानी की बोतलें बांटीं।

  • दिल्ली: मेट्रो रेल सेवा अब 14 अप्रैल तक बंद रहेगी। पहले इसे 31 मार्च तक बंद किया गया था। यहां दिहाड़ी मजदूरी करने वाले उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लोग पैदल ही अपने घरों के लिए निकल पड़े हैं। दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंची एक महिला ने कहा, ‘‘हमारे पास पैसा नहीं बचा, यहां कोई काम भी नहीं है। हम क्या खाएं? अगर हमें शहर नहीं छोड़ने दिया जाता तो हम भूखे मर जाएंगे।’’ फतेहपुर बेरी में भी बिहार की रहने वाली शमीमा ने कहा, ‘‘हमारे बच्चे दो दिन से सिर्फ पानी पीकर जिंदा हैं। किराएदार किराया मांग रहे हैं। हमारी सरकार से गुजारिश है कि या तो हमारी मदद करे या हमारे गांव भेज दे।’’

  • उत्तरप्रदेश: लखनऊ के पुलिस आयुक्त एस पांडे ने बताया कि शहर में जरूरी वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। इनकी सप्लाई चेन बनाई गई है। इन वस्तुओं की सप्लाई करने वाली रोजाना दुकानें सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक खुली रहेंगी। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और सैनिटाइजेशन कर्मचारियों को लगातार क्षेत्रों को दौरा करते रहने का निर्देश दिया गया है।

  • उत्तराखंड: सरकार ने कोराना मरीजों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। लैंडलाइन नंबर 0135 2722100 और वॉट्सऐप नंबर 9997954800 हैं।

  • तमिलनाडु: रामेश्वरम से बस-ट्रेन सेवा बंद होने की वजह से उत्तरप्रदेश और बिहार के कई श्रद्धालु फंस गए हैं। उनका कहना है, ‘‘हम यहां गुजरात भवन में ठहरे हैं। यहां किसी चीज की कोई कमी नहीं है।’’

  • प.बंगाल: प.बंगाल के नयाबाद में 66 साल का बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया। राज्य में संक्रमितों की संख्या 10 हुई।

  • पुडुचेरी: कांग्रेस विधायक जॉन कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वे कथित तौर पर लॉकडाउन के नियमों को उल्लंघन करके नेल्लीथोप में अपने घर के पास लोगों को थैलियाें में सब्जियां बांट रहे थे। इस दौरान वहां करीब 200 लोगों की भीड़ थी।

  • कर्नाटक: बेंगलुरु के लेडी कर्जन कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर को कोविड-19 हॉस्पिटल बनाया गया है। इसमें कोरोना संक्रमितों का ही इलाज होगा। कोरोनावायरस के मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों के साथ गलत व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में राज्य सरकार ने सभी जिलों के कमिश्नरों और पुलिस को निर्देश दिया है।

  • केरल: एर्नामुलम के कलेक्टर एस सुहास ने बताया कि राज्य के सिविल सप्लाई कॉर्पाेरेशन ने कोच्चि में 27 मार्च से गांधी नगर क्षेत्र के 8 किलोमीटर के दायरे में खाने की आपूर्ति ऑनलाइन शुरू करेगा। इसके लिए जोमेटो के साथ करार किया गया है।

  • असम: राज्य सरकार ने गुवाहाटी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में कोरोनावायरस आइसोलेशन सेंटर का निर्माण शुरू किया। राज्य में अभी तक कोरोनावायरस का कोई भी केस सामने नहीं आया है।

  • तेलंगाना: राज्य में तीन और व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की संख्या 43 हो गई है। जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में एक करोड़ रुपए और आंध्र प्रदेश व तेलंगाना के मुख्यमंत्री राहत कोष में 50-50 लाख रुपए की राशि दान करने का ऐलान किया।

  • अंडमान: यहां 24 मार्च को चेन्नई से लौटा व्यक्ति संक्रमित मिला है। इस केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना संक्रमण का यह पहला मामला है।


पीजीआईएमएस पर लॉकडाउन क्यों नहीं लागू?


एम्स डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हरियाणा के स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि 21 दिन का लॉकडाउन पीजीआईएमएस रोहतक पर लागू नहीं किया गया है। यहां क्लासेस लग रही हैं, जिनमें 200 से ज्यादा छात्र होते हैं। राज्य सरकार ने कोरोनावायरस के मरीजों के इलाज में उन मेडिकल, पैरामेडिकल स्टाफ और जरूरी सेवाओं में लगे लोगों को नौकरी में एक्सटेंशन दिया, जो इस महीने रिटायर हो रहे थे।


कैदियों को पेरोल पर भेजने की तैयारी


सरकार ने कहा है कि कैदियों को पैरोल पर भेजने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा जो कैदी पहले से पैरोल पर हैं, उनके पैरोल की अवधि को 4 सप्ताह के लिए बढ़ाया जाएगा। सरकार ने यह भी कहा है कि जो कैदी एक पैरोल के बाद शांति से जेल वापस आ गए, उन्हें 6 सप्ताह के लिए विशेष पैरोल दी जाएगी। उधर, गुड़गांव पुलिस के सभी अफसरों को निर्देश दिया गया है कि घरों में तकनीकी सेवा देने वालों और मेंटेनेंस के काम करने वालों को न रोकें।